गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर : जशपुर पुलिस ने सरहदी राज्यों से जिले में हो रही अवैध धान तस्करी पर फिर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने थाना लोदाम और चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 367 क्विंटल अवैध धान को जप्त किया है। इसकी बाजार कीमत 8 लाख 44 हजार रुपए से अधिक बताई जा रही है।
लोदाम में ट्रक से 300 क्विंटल धान बरामद
मंडी बैरियर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने ट्रक नंबर CG-12-AT-8565 को रोका। जांच में ट्रक में 634 बोरी में भरा 300 क्विंटल धान मिला। ड्राइवर शशिकांत साहू (निवासी–इंदौर, MP) धान को झारखंड के गुमला से लेकर आ रहा था। दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पूरा धान जप्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।

कोल्हेनझरिया में पिकअप और ट्रैक्टर जब्त
मुखबिर की सूचना पर कोल्हेनझरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए—
- बिना नंबर पिकअप से 27 वर्षीय शीत कुमार यादव द्वारा उड़ीसा के सुंदरगढ़ से लाया जा रहा अवैध धान जब्त किया।
- ट्रैक्टर (CG-13-AR-3071) से 40 क्विंटल धान पकड़ा गया। चालक संदीप बड़ा कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
दोनों वाहनों से कुल 67 क्विंटल धान जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को दिया गया।
अब तक 1000 क्विंटल से अधिक धान जब्त
जशपुर पुलिस अब तक 1000 क्विंटल से ज्यादा अवैध धान पकड़कर प्रशासन को सौंप चुकी है। सरहदी राज्यों—झारखंड और उड़ीसा से हो रही तस्करी पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।
कार्रवाई में शामिल टीम
- थाना लोदाम: निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, आरक्षक धनसाय राम
- चौकी कोल्हेनझरिया: एएसआई टेक राम सारथी, प्रधान आरक्षक मुकेश भगत, आरक्षक अशोक भगत व रूबेन तिग्गा
एसएसपी ने कहा— अवैध धान परिवहन पर सख्ती जारी रहेगी और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जाएगी।



