अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। नगर के सर्वांगीण विकास और आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने के उद्देश्य से आज रतनपुर के विभिन्न वार्डों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) द्वारा जनसुनवाई एवं बैठक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में एनसीपी के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव रमेश कुमार पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पांडेय ने वार्डवासियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए रतनपुर के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता है कि जनता की समस्याएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनके त्वरित और स्थायी समाधान के लिए ठोस पहल की जाए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में मोहम्मद अयूब मेमन, ग्रामीण जिला अध्यक्ष, ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने हर वार्ड के नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। वार्डवासियों ने सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, बिजली, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य सुविधा एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।

ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहम्मद अयूब मेमन ने उपस्थित जनता को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संकलित कर संबंधित विभागों एवं उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द वार्डों में विकास कार्य प्रारंभ कराए जाएंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर एनसीपी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के माध्यम से पार्टी ने यह संदेश दिया कि वह जमीन पर उतरकर जनता के साथ खड़ी है और रतनपुर के विकास के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।



