अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। नगर के समग्र विकास, शांति व्यवस्था एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था को लेकर नगर पालिका परिषद रतनपुर द्वारा समस्त व्यापारी संघ की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शुक्रवार को दोपहर 12 बजे नगर पालिका परिषद रतनपुर के सभागार में संपन्न हुई, जिसमें नगर के विभिन्न व्यापारी संघों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी नीलेश पाण्डे विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर में बढ़ती गतिविधियों, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, व्यापारिक व्यवस्था तथा आपसी समन्वय के माध्यम से शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी नीलेश पाण्डे ने कहा कि रतनपुर एक धार्मिक एवं पौराणिक नगरी है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां महामाया देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के साथ-साथ नगरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मां महामाया के दरबार में सेवा करने का अवसर मिला है, इसलिए अपने कर्तव्यों से पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।
थाना प्रभारी ने व्यापारियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी कोई अवांछित व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्य दिखाई दे, तो बिना झिझक तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रतनपुर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग ही नगर में स्थायी शांति और सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत है। यदि व्यापारी, नागरिक और प्रशासन एकजुट होकर कार्य करें, तो अपराध और अव्यवस्था पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने भी व्यापारियों से नगर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण एवं नियमों के पालन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर के विकास में व्यापारी वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और नगर पालिका हर सकारात्मक सुझाव पर अमल करने के लिए तत्पर है।
बैठक के दौरान व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे तथा प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने कहा कि वे नगर की शांति, सुरक्षा और धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।
अंत में बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें नगर के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विकसित भविष्य के लिए सभी ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।




