अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर| वन क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध रेत खनन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए भैसाझार प्रोजेक्ट रेंज अंतर्गत कलमीतार बीट (कम्पार्टमेंट नंबर PF-1586) में संचालित अवैध रेत खनन का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त गश्ती के दौरान वन विकास निगम की भैसाझार रेंज एवं उदंडस्ता टीम ने मौके से पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ सहित भारी मात्रा में अवैध रूप से निकाली गई रेत जप्त की।

यह कार्रवाई वन विकास निगम के डिविजन मैनेजर के स्पष्ट निर्देश पर प्रोजेक्ट रेंजर वैभव साहू के नेतृत्व में अंजाम दी गई। गश्ती दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जप्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखवाया गया तथा मौके पर ही पीओआर (प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट) तैयार कर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ताकि वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वालों को सख्त संदेश दिया जा सके।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्र में अवैध खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे पर्यावरण संतुलन, भू-जल स्तर और जैव विविधता को गंभीर क्षति पहुँचती है। विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर शून्य सहनशीलता नीति के तहत लगातार सघन गश्त और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वन विभाग ने ग्रामीणों, वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



