अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर : रतनपुर में आयोजित राजा मोरध्वज कप 2025 (रतनपुर प्रीमियर लीग – RPL) क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें वार्ड क्रमांक 05 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड नंबर 2 को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मैच में वार्ड नंबर 2 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन वार्ड 05 के गेंदबाजों के सामने उनकी एक न चली। निर्धारित 10 ओवरों में वार्ड नंबर 2 की टीम 84 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में वार्ड नंबर 05 की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और प्रतियोगिता अपने नाम कर ली।
इस ऐतिहासिक जीत के नायक सूरज जायसवाल रहे, जिन्होंने शानदार 57 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज दोनों खिताबों से नवाजा गया।
पूरे रतनपुर में खुशी की लहर
वार्ड क्रमांक 05 की जीत के साथ ही पूरे रतनपुर क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों की मेहनत, टीम वर्क और खेल भावना की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की। प्रतियोगिता के दौरान टीम ने हर मुकाबले में जुझारूपन दिखाया, वहीं युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीत लिया।

सम्मान समारोह और अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
चैंपियन बनने पर वार्ड क्रमांक 05 की टीम का भव्य सम्मान किया गया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में त्रिलोक श्रीवास, लव कुश कश्यप, विजय अग्रवाल, दुर्गा कश्यप (बबलू), नीतू निरंजन सिंह (छतरी), रवि रावत, राजा रावत, मनोज पटेल, हकीम मोहम्मद, अर्चना संतोष सोनी सहित सभी वार्डों के पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अतिथियों के विचार
इस अवसर पर त्रिलोक श्रीवास ने कहा कि “रतनपुर एक धार्मिक एवं पौराणिक नगरी है, जहां के बालक-बालिकाएं राष्ट्रीय स्तर तक अपने खेल का प्रदर्शन कर नगर, जिला और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। रतनपुर के सभी वार्डों को मिलाकर आईपीएल की तर्ज पर इस तरह का आयोजन एक मिसाल है।”

वहीं कन्हैया यादव ने नगर पालिका परिषद से मांग की कि रतनपुर में एक सुनियोजित खेल मैदान की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा कि “रतनपुर पौराणिक रूप से कुश्ती और कबड्डी के लिए भी जाना जाता रहा है, खेल हमारी परंपरा का हिस्सा हैं।”
पूर्व पार्षद नीतू निरंजन सिंह (वार्ड नंबर 2) ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। राजा मोरध्वज कप 2025 की यह जीत न केवल वार्ड क्रमांक 05, बल्कि पूरे रतनपुर नगर के लिए गर्व का विषय बन गई है। आयोजक समिति के सभी सदस्यों का सभी वार्ड के पार्षद एवं सभी वार्ड के खिलाड़ियों ने हृदय से आभार व्यक्त किया



