अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर (सांधीपारा)। बुधवार रतनपुर के सांधीपारा क्षेत्र में एक हृदय विदारक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में अचानक लगी आग ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। ट्रेलर के केबिन में सो रहे 3 वर्षीय अनमोल यादव की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर वाहन क्रमांक सीजी-10 बीजे-9291 में यह हादसा उस समय हुआ जब वह इलेक्ट्रिक सप्लाई पोल के पास खड़ा था। ट्रेलर चालक संजय यादव अपने परिवार के साथ वहीं मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट-सर्किट के चलते इंजन में आग भड़की, जिसने कुछ ही पलों में केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक केबिन तक पहुंचा जाता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम अनमोल आग की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। मासूम की असमय मौत ने हर आंख नम कर दी।रतनपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी नीलेश पांडेय
यह हादसा न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों में सुरक्षा इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।



