सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | वीर स्मृति पुलिस प्रीमियर लीग क्रिकेट कप–2026 के अंतर्गत सोमवार, 20 जनवरी 2026 को क्रीड़ा परिसर खेल मैदान, नारायणपुर में सुपर लीग नॉकआउट राउंड के रोमांचक मुकाबले खेले गए। सभी मैचों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का शानदार प्रदर्शन किया।
दिन का पहला सुपर लीग नॉकआउट मुकाबला नारायणपुर उपखंड और 44वीं वाहिनी आईटीबीपी के बीच खेला गया। नारायणपुर उपखंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर मात्र 34 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए 44वीं वाहिनी आईटीबीपी ने 3.1 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से आसान जीत दर्ज की। इस मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 44वीं वाहिनी आईटीबीपी के श्री धनुज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरे सुपर लीग नॉकआउट मुकाबले में 133वीं वाहिनी बीएसएफ का सामना 38वीं वाहिनी आईटीबीपी से हुआ। बीएसएफ की टीम 9.1 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। जवाब में 38वीं वाहिनी आईटीबीपी ने 4.5 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर 9 विकेट से जीत हासिल की। इस मैच में 38वीं वाहिनी आईटीबीपी के श्री सुमित कुमार ने 20 गेंदों में 52 रनों की विस्फोटक पारी खेलते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
दिन का अंतिम सुपर लीग नॉकआउट मुकाबला 53वीं वाहिनी आईटीबीपी और आयरन XI छोटेडोंगर उपखंड के बीच खेला गया। 53वीं वाहिनी आईटीबीपी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरन XI टीम 10 ओवर में 62 रन ही बना सकी। इस प्रकार 53वीं वाहिनी आईटीबीपी ने यह मुकाबला 29 रनों से जीत लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के श्री प्रदीप को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आज के मुकाबले
सुपर लीग नॉकआउट राउंड के अंतिम दिन आज क्रीड़ा परिसर खेल मैदान, नारायणपुर में तीन मुकाबले खेले जाएंगे—
- बेनूर उपखंड बनाम एसटीएफ — शाम 6:00 बजे
- डीआरजी बनाम 45वीं वाहिनी आईटीबीपी — शाम 7:00 बजे
- पुलिस अधीक्षक कार्यालय बनाम जेल नारायणपुर — रात 8:00 बजे
आयोजकों ने खेल प्रेमियों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस रोमांचक क्रिकेट प्रतियोगिता का आनंद लेने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि वीर स्मृति पुलिस प्रीमियर लीग–2026 का आयोजन पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों एवं प्रशासनिक इकाइयों के बीच आपसी सौहार्द, टीम भावना, अनुशासन तथा शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।



