गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर
जशपुर: जशपुर पुलिस ने चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम सुरंगपानी निवासी मोहित कुमार गुप्ता को 64,000 मिलीलीटर (640 शीशी) प्रतिबंधित नशीली विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरफ के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में हुई।
पुलिस को पहले सूचना मिली थी कि मोहित कुमार गुप्ता लंबे समय से नशे के कारोबार में संलिप्त है और अनाधिकृत रूप से कफ सिरफ की बिक्री करता है। पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर के जरिए पता चला कि आरोपी उड़ीसा से दो कार्टून कफ सिरफ लेकर अपने ग्राम लौट रहा है।

चौकी कोतबा पुलिस ने लाखझार घाट के पास नाकाबंदी कर मोहित कुमार गुप्ता को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके मोटरसाइकिल से 2 कार्टून बरामद किए गए, जबकि उसके निशानदेही पर जंगल में छुपाए गए दो और कार्टून भी पुलिस ने जब्त किए। कुल बरामद कफ सिरफ की संख्या 640 शीशी थी, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख 11 हजार रुपए है।
आरोपी ने बताया कि उसने यह दवा उड़ीसा से खरीदकर बिक्री के लिए लाया था और इसके कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने आरोपी को 21 (C) नारकोटिक्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव, थाना प्रभारी उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत और आरक्षकों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी है।



