दुर्ग। थाना छावनी क्षेत्र में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकद राशि और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी 2026 को सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड दुर्ग निवासी संजय अठवानी (उम्र 37 वर्ष) ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ दिन पहले दो अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर साइकिल देखने के बहाने आए थे और इस दौरान मोबाइल नंबर लेकर स्वयं को “राजू” नाम से परिचित कराया।
इसके बाद आरोपी लगातार फोन पर संपर्क कर प्रार्थी की मां की तबीयत खराब होने की जानकारी लेकर झाड़-फूंक और पूजा-पाठ से इलाज कराने का झांसा देने लगे। 16 जनवरी 2026 को आरोपियों ने पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाकर देवी पूजा के नाम पर नारियल और 1100 रुपये लिए तथा मां के स्वस्थ होने का भरोसा दिलाया।

इसके बाद आरोपियों ने मंदिर में रखने के बहाने मां के सोने के आभूषण और नकद राशि देने को कहा। 20 जनवरी 2026 को रेलवे स्टेशन पावर हाउस भिलाई के पास प्रार्थी से चार सोने के कंगन (लगभग 60 ग्राम, कीमत करीब 5 लाख रुपये) और 8 लाख रुपये नकद ले लिए गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए और उनके मोबाइल फोन बंद हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छावनी में अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में बाबूलाल (45 वर्ष) निवासी थाना श्रीरामपुर, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) तथा गीता राय निवासी जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। आरोपियों के पास से करीब 8 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और कीपैड फोन बरामद किए गए हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं। इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



