अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा में सेंध लगाने और अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे एक बदमाश पर रतनपुर पुलिस ने त्वरित व सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू जप्त किया गया है तथा उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत कार्यवाही कर उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 24 जनवरी 2026 को थाना रतनपुर में जरिए फोन सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति कोसगाई मंदिर, रतनपुर के पास सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है और उत्पात मचा रहा है। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों, श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) को अवगत कराया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल बना रहे आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम रामकुमार कहरा पिता गणेश राम कहरा, उम्र 30 वर्ष, निवासी कहरापारा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर बताया गया है। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया, जिसे विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस त्वरित और सराहनीय कार्यवाही से क्षेत्र के नागरिकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, भय फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्र.आर. बलदेव सिंह एवं आर. गोविंदा जायसवाल का विशेष योगदान रहा, जिनकी सतर्कता और तत्परता से एक बड़ी अप्रिय घटना टल सकी।
रतनपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।



