अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर / कोटा। रतनपुर–कोटा मुख्य मार्ग पर स्थित चापी नाला पर निर्मित बहुप्रतीक्षित पुल का निर्माण कार्य अब पूर्ण हो चुका है। लगभग 305.99 लाख रुपये की लागत से बना यह 36 मीटर लंबा पक्का पुल क्षेत्र के हजारों नागरिकों के लिए बड़ी राहत और विकास की सौगात साबित होने जा रहा है। लंबे समय से जिस पुल की मांग क्षेत्रवासी कर रहे थे, वह अब हकीकत बन चुकी है और कभी भी आम जनता के लिए खोल दिया जा सकता है।
चापी नाला पर पूर्व में स्थित संकरा और जर्जर ढांचा बरसात के मौसम में अक्सर जलमग्न हो जाता था, जिससे रतनपुर–कोटा मार्ग पर आवागमन बाधित हो जाता था। बारिश के दिनों में स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार तो हालात इतने गंभीर हो जाते थे कि घंटों आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता था।

नए पुल के निर्माण से अब यह समस्या इतिहास बनने जा रही है। आधुनिक तकनीक और मानकों के अनुरूप तैयार किया गया यह पुल भारी वाहनों के आवागमन के लिए भी सक्षम है। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी। क्षेत्रवासियों का मानना है कि पुल चालू होने के बाद दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
इस पुल के शुरू होने से रतनपुर, कोटा सहित आसपास के दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। व्यापारियों को माल ढुलाई में आसानी होगी, किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी और आम नागरिकों का समय व ईंधन दोनों की बचत होगी। साथ ही धार्मिक नगरी रतनपुर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी यह मार्ग और अधिक सुगम हो जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने पुल निर्माण पूर्ण होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह केवल एक पुल नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई राह है। लोगों को अब उम्मीद है कि जल्द ही इसका औपचारिक लोकार्पण कर इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
कुल मिलाकर, चापी नाला पर बना यह नया पुल रतनपुर–कोटा क्षेत्र के लिए विकास, सुविधा और सुरक्षा का मजबूत प्रतीक बनकर उभर रहा है, जिसकी सौगात क्षेत्रवासियों को कभी भी मिल सकती है।



