याद राम साहू की रिपोर्ट :-
गुंडरदेही : कौमी एकता मंच गुंडरदेही द्वारा 26 जनवरी 2026 को स्थानीय बस स्टैंड में भव्य आयोजन “एक शाम शहीदों के नाम” संपन्न होगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से जहाँ देश के वीर बलिदानियों को याद किया जाएगा, वहीं कला के अनूठे संगम से दर्शकों को देशभक्ति के रंग में सराबोर किया जाएगा।
प्रमुख आकर्षण: ड्रिल मैन और मल्लखंभ का प्रदर्शन
इस वर्ष कार्यक्रम में विशेष रूप से “क्रांति ड्रिल मैन” अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन करने पहुँच रहे हैं। उनके हैरतअंगेज करतब दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे। साथ ही, अबूझमाड़ मल्लखंभ के अंतरराष्ट्रीय पोल आर्टिस्ट (इंडियाज गॉट टैलेंट फेम) और ‘रंग संगम’ की टीम द्वारा सांस्कृतिक एवं साहसिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी।
शहीदों के परिवारों का होगा सम्मान
आयोजन समिति ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस मंच के माध्यम से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वीर शहीदों के परिवारों का सम्मान किया जाता है। शाम 07:00 बजे से आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह में शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
अतिथियों की उपस्थिति:-
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय कुंवर सिंह निषाद (विधायक, गुंडरदेही), अध्यक्षता प्रमोद जैन (अध्यक्ष नगर पंचायत) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री शमशाद बेगम, तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर (अध्यक्ष जि. पं. बालोद) सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक और पूर्व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कौमी एकता मंच के अध्यक्ष मुबारक अली, उपाध्यक्ष रमेश मारकंडे, सचिव महेश चांडक, दिनेश टावरी एवं समस्त सदस्यों ने नगरवासियों से इस गौरवशाली कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की है।



