रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
गरियाबंद/राजिम। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू मंगलवार को मां घटारानी धाम पहुंचे। उन्होंने मां घटारानी और शारदा माता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राजिम विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
दोपहर में घटारानी धाम पहुंचने पर मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया। विधायक श्री साहू ने मंदिर में चुनरी चढ़ाकर हवन पूजन किया और क्षेत्र के विकास के लिए मां से आशीर्वाद मांगा।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि नवरात्रि शक्ति और भक्ति का प्रतीक है। मां घटारानी सभी भक्तों की मनोकामना पूरी करती हैं। उन्होंने कहा कि फूलझर और घटारानी क्षेत्र से उनका पारिवारिक संबंध है और इस क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राजिम विधानसभा में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मां के आशीर्वाद से क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
पूजा-अर्चना के बाद विधायक रोहित साहू घटारानी से फूलझर जमाही के लिए रवाना हुए। फूलझर में ग्राम विकास समिति और ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में बजरंग चौक दुर्गा पूजा स्थल पर नौ कन्या पूजन, संध्या वंदन एवं दुर्गा माता की महाआरती का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी करेंगी।
कार्यक्रम को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है। आयोजन की तैयारी ग्राम विकास समिति अध्यक्ष डिहु राम साहू, उपाध्यक्ष ईश्वर यादव, कोषाध्यक्ष दिनेश ध्रुव, सचिव रूपेश कुमार ध्रुव, संरक्षक चैतु राम ध्रुव, ग्राम पटेल तारण सिंह ध्रुव तथा ग्राम पंचायत सरपंच संतोष दिवान, उपसरपंच हेमलाल यादव, पंचायत सचिव ममता साहू एवं समस्त पंचगण द्वारा की गई है।




