गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर। लोदाम पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पहले मामले में शासकीय डायल-112 वाहन में तोड़फोड़ कर आरक्षक को घायल करने के आरोपी को गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरे मामले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
डायल-112 वाहन पर दाउली से हमला, आरक्षक घायल
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:45 बजे लोदाम मंडी बैरियर के पास सार्वजनिक स्थान पर एक व्यक्ति के धारदार हथियार लहराने की सूचना मिली थी। सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। वहां योगेश कुमार भगत (30 वर्ष), निवासी लोदाम, धारदार दाउली लेकर खड़ा था।
पुलिस टीम द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डायल-112 वाहन पर दाउली से हमला कर दिया। इससे वाहन के बाईं ओर के दोनों दरवाजों के शीशे टूट गए। शीशे के टुकड़े लगने से आरक्षक जीतेश कुमार ध्रुव घायल हो गए।
मामले में थाना लोदाम में अपराध क्रमांक 65/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे की दाउली जब्त कर ली।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, युवक गिरफ्तार
दूसरे मामले में 26 वर्षीय युवती ने 17 अक्टूबर 2026 को थाना लोदाम में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2023 में एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान उसकी पहचान जगदेव सिंह (24 वर्ष), निवासी थाना दुलदुला क्षेत्र के एक गांव, से हुई थी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद भी आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी उसे गर्भावस्था की जांच के लिए 23 सितंबर 2026 को जशपुर के एक क्लिनिक ले गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता का बयान दर्ज किया गया, चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा मोबाइल फोन और सोनोग्राफी रिपोर्ट जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी जगदेव सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, प्रधान आरक्षक आनंद खाखा सहित थाना लोदाम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है।




