गणेश भोय ब्यूरो चीफ:-
रायगढ़, 1 फरवरी। रायगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी कर फर्जी आरसी व रजिस्ट्रेशन के जरिए उन्हें बाजार में बेचने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में मुख्य बाइक चोर सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य पहले से जेल में निरुद्ध है। पुलिस ने गिरोह से 25 चोरी की बाइक, एक एप्पल लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर बरामद किया है, जिनकी कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।
कैसे हुआ खुलासा
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध सख्त अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा व साइबर थाना की संयुक्त टीम ने संदिग्ध मुकेश प्रधान को दो चोरी की बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि बाइक उसने ऑटो डीलर से खरीदी थी। आगे जांच में यह खुलासा हुआ कि ऑटो डीलर मैनेजर व उसके साथियों ने बाइक चोरों से चोरी की बाइक लेकर लोक सेवा केंद्र के जरिए फर्जी आरसी व रजिस्ट्रेशन तैयार कर बिक्री की।
जांच में पता चला कि गिरोह ने पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ क्षेत्र से करीब 25 बाइक चोरी की थीं, जिनमें अधिकांश एचएफ डीलक्स हैं। फर्जी दस्तावेज बनाने के लिए चोरी की बाइक के चेसिस नंबर से असली मालिक की जानकारी निकालकर, पीबीसी कार्ड मंगवाकर उसमें हेरफेर कर हूबहू फर्जी आरसी तैयार की जाती थी।
कानूनी कार्रवाई
संगठित रूप से अपराध किए जाने पर प्रकरण में धारा 112(2) बीएनएस के साथ फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धारा 317(2), 336(3) बीएनएस जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। बरामद तीन बाइक थाना पूंजीपथरा के अपराध क्रमांक 05/2026, 09/2026 व 10/2026 से संबंधित हैं, शेष वाहनों के मालिकों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि सेकेंड हैंड बाइक खरीदते समय आरसी, इंश्योरेंस और पहचान पत्रों की पूरी जांच करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गिरफ्तार आरोपी
- मुकेश चौहान उर्फ नान्ही (25) – ग्राम भकुर्रा, थाना लैलुंगा (3 बाइक)
- चंद्र कुमार यादव (26) – ग्राम सरडेगा, थाना लैलुंगा (5 बाइक)
- पुरूषोत्तम प्रधान (30) – ग्राम मुडागांव, थाना लैलुंगा (4 बाइक)
- मुकेश प्रधान (40) – ग्राम रूडुकेला, थाना लैलुंगा (2 बाइक)
- इरशाद खान (23) – ग्राम करवारजोर, थाना लैलुंगा (3 बाइक)
- अजय पटेल (27) – ग्राम चारभांठा, थाना भूपदेवपुर (लैपटॉप, प्रिंटर)
- संजय अगरिया – देलारी (लोक सेवा केंद्र कंप्यूटर ऑपरेटर)
- बरामदगी: 25 चोरी की बाइक, 1 एप्पल लैपटॉप, 1 कलर प्रिंटर — कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये।




