अमित दुबे की रिपोर्ट:-
आस्था की नगरी रतनपुर स्थित विश्वविख्यात मां महामाया मंदिर आज श्रद्धा और उल्लास का साक्षी बना, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक एवं नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर मां महामाया के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने मां महामाया से प्रदेश व देश की समृद्धि, जनकल्याण तथा रतनपुर की निरंतर उन्नति की कामना की।

मंदिर प्रांगण में पूजा के पश्चात कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति में सादगीपूर्ण ढंग से केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया। इस अवसर पर माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण रहा। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और सादगी का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे धार्मिक स्थल की मर्यादा बनी रही। मां महामाया के दरबार में आयोजित यह अवसर श्रद्धा, सेवा और संगठनात्मक एकता का सुंदर उदाहरण बना।



