गणेश यादव जिला संवाददाता:-
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस रेंज में जनता और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से तैयार ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ बुधवार को बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में किया गया।
इस अवसर पर संभाग आयुक्त अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। वहीं रेंज के सभी जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती—के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।
‘अनुभव’ क्यूआर कोड को स्कैन कर अब आम नागरिक थानों और पुलिस कार्यालयों से जुड़े अपने अनुभव व फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे। क्यूआर कोड स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से फीडबैक दिया जा सकेगा। पहचान और मोबाइल नंबर साझा करना पूरी तरह वैकल्पिक रखा गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजीपी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस का तकनीकी रूप से सशक्त होना आवश्यक है। ‘अनुभव’ पहल के माध्यम से आमजन सरल तकनीक का उपयोग कर पुलिस से जुड़े अपने वास्तविक अनुभव साझा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि आज से रेंज के सभी आठ जिलों के सभी थानों में क्यूआर कोड सिस्टम लागू कर दिया गया है।
जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे नागरिक बिना किसी वरिष्ठ कार्यालय के चक्कर लगाए सीधे अपनी बात पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। वहीं संभाग आयुक्त अनिल जैन ने कहा कि नवाचार को अपनाना समय की मांग है और जनता के फीडबैक से ही प्रशासन अपनी कार्यप्रणाली में सुधार कर सकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड स्थापित कर दिए गए हैं और प्राप्त फीडबैक के आधार पर पुलिस व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने भी इस पहल को सार्थक बताते हुए कहा कि इससे पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी व जनोन्मुखी बनाया जा सकेगा।
इस अवसर पर ‘अनुभव’ प्रणाली के उपयोग और इसकी उपयोगिता पर आधारित वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, प्रिंट एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
आईजीपी रामगोपाल गर्ग ने आमजन से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सदुपयोग करें, सकारात्मक और वास्तविक फीडबैक साझा करें तथा व्यवस्था में सुधार के सहभागी बनें।



