अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर।बेलगहना : चौकी बेलगहना थाना कोटा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर गुण्डागर्दी करने वाले आरोपी के विरुद्ध बेलगहना पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 फरवरी 2026 को ग्राम भनवारटंक में एक दुकान पर मो. आसिफ खान उर्फ लवि खान द्वारा अश्लील गाली-गलौज करते हुए दुकान संचालक को डराने-धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नुपुर उपाध्याय के निर्देशानुसार पुलिस ने पीड़िता से संबंधित जानकारी एकत्र की। दिनांक 06 फरवरी 2026 को पीड़िता के पुत्र मनोज कुमार नेटी, निवासी भनवारटंक की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस द्वारा आरोपी मो. आसिफ खान उर्फ लवि खान, पिता मो. अजहर खान, उम्र 30 वर्ष, निवासी आमागोहन खोंगसरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध बी.एन.एस. की धारा 296, 351(2), 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। साथ ही पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170, 126, 135(3) बी.एन.एस.एस. के अंतर्गत भी कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी मारपीट, गंभीर अपराध एवं अश्लील वीडियो वायरल करने जैसे मामलों में संलिप्त रहा है।
इस कार्रवाई के माध्यम से बेलगहना पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुण्डागर्दी, अशांति या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल सूर्यवंशी, आरक्षक धीरज जायसवाल, अंकित जायसवाल एवं ईश्वर नेताम का विशेष योगदान रहा।



