गणेश भोय ब्यूरो चीफ:-
रायगढ़ |रायगढ़ में कोतवाली पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को दो दिनों के भीतर बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
ग्राहक तलाशते पकड़े गए आरोपी
प्रार्थी हरिशचंद्र (26 वर्ष), निवासी ग्राम अरसिया थाना जैजेपुर जिला सक्ती (वर्तमान पता बोईरदादर, रायगढ़) ने 10 फरवरी को थाना कोतवाली में अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 L 1014 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे अग्रहो स्टील पावर चिराईपानी में कार्यरत हैं। 8 फरवरी को वे अपनी बाइक उर्दना पेट्रोल पंप के पास खड़ी कर प्लांट बस से ड्यूटी पर गए थे। रात्रि 10:30 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली।
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान 15 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि मंगलूडिपा निवासी संदीप खत्री चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी सुरेश यादव निवासी उर्दना के साथ मिलकर 8 फरवरी को बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- संदीप खत्री (29 वर्ष), निवासी जलालापुरबाद थाना मुग्गा जिला मुग्गा (पंजाब), वर्तमान पता मंगलूडिपा थाना कोतरारोड़ रायगढ़
- सुरेश यादव (32 वर्ष), निवासी सोहनपुर थाना लैलूंगा, वर्तमान पता उर्दना रायगढ़
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



