अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर (जिला बिलासपुर)। थाना रतनपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 225 ग्राम गांजा, बिक्री की रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

दिनांक 14 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि अरविंद जैन उर्फ अन्नू (36 वर्ष), निवासी भगत सिंह वार्ड (थानापारा) रतनपुर, अपने किराना दुकान में अवैध रूप से गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी।
रेड कार्यवाही के दौरान दुकान से 225 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 2500 रुपये), गांजा बिक्री की रकम 2300 रुपये तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। कुल जब्ती की कीमत लगभग 14,800 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी अरविंद जैन उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक मेलाराम कठौतिया, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग, आरक्षक गोविंदा जायसवाल, संजय यादव एवं महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



