गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़ |रायगढ़ जिले में मवेशी तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस की प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में सीमावर्ती जिलों से हो रही मवेशी तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी, गश्त और नाकेबंदी की जा रही है।
जोबी पुलिस की कार्रवाई : 10 गौवंश मुक्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
दिनांक 14 फरवरी 2026 की रात्रि गश्त के दौरान पुलिस चौकी जोबी (थाना खरसिया) को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल सवार पायलटिंग करते हुए पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक मवेशियों को लादकर ले जा रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए अटल चौक पर नाकेबंदी की।
कुछ समय बाद सक्ती की ओर से आ रही बिना नंबर की लाल-काले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल को रोका गया। चालक ने अपना नाम भूपेंद्र यादव निवासी सिंगीबहार थाना तपकरा जिला जशपुर बताया। उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक JH 07 M 0203 को रोककर जांच करने पर चालक पवन राम निवासी बधीमा जिला जशपुर तथा परमेश्वर यादव निवासी सिंगीबहार थाना तपकरा जिला जशपुर मिले।

वाहन की तलाशी लेने पर 10 नग गौवंश को रस्सियों से बांधकर क्रूरतापूर्वक उड़ीसा के बूचड़खाने ले जाने की तैयारी पाई गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन (कीमत 6 लाख रुपये), 10 नग गौवंश (कीमत 2.55 लाख रुपये) तथा होंडा साइन मोटरसाइकिल (कीमत 1 लाख रुपये) जब्त कर कुल 9 लाख 55 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस चौकी जोबी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, 11 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मी राठौर सहित आरक्षक राजेंद्र राठिया, राजेश सिदार एवं अश्वनी सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
- पवन राम (21 वर्ष), निवासी बधीमा, जिला जशपुर
- परमेश्वर यादव (26 वर्ष), निवासी सिंगीबहार, थाना तपकरा, जिला जशपुर
- भूपेंद्र यादव (25 वर्ष), निवासी सिंगीबहार, थाना तपकरा, जिला जशपुर



