अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर/बिलासपुर। थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने ग्राम जाली में रेड कार्रवाई करते हुए 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजनेश सिंह (भा.पु.से.), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला बिलासपुर के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
दिनांक 15 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जाली निवासी अनिल कुमार नेताम (32 वर्ष) अपने घर के बाड़ी में भारी मात्रा में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना रतनपुर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के घर के बाड़ी से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 6000 रुपये है, बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार नेताम, पिता समारू राम नेताम, निवासी जाली, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, प्रधान आरक्षक कौशल खूटे, आरक्षक शशिकांत कौशिक एवं महिला आरक्षक अंजला खलखो का विशेष योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे अवैध कार्यों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



