गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
जशपुर, 16 फरवरी 2025। थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत सारुडीह–किनकेल क्षेत्र में स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करते युवकों का वीडियो वायरल होने के बाद जशपुर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। पुलिस ने संबंधित वाहनों को खोजकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
कुछ दिनों पूर्व सारुडीह के पठार में काले रंग की स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल पर किशोरों द्वारा खतरनाक स्टंट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में युवक वाहन की खिड़की से शरीर बाहर निकालकर बोतल लहराते हुए स्टंट करते नजर आए, जिससे उनकी और अन्य राहगीरों की जान को खतरा उत्पन्न हो सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। जांच के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक JH-01-FC-1960) एवं बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक JH-01-BN-4563) को चिन्हित कर जब्त किया गया।

स्कार्पियो वाहन ग्राम सारुडीह निवासी अविनाश एक्का (25 वर्ष) का पाया गया, जो स्वयं वाहन चला रहा था। बुलेट मोटरसाइकिल बाधरकोना निवासी एक व्यक्ति की है, जिसमें एक युवती स्टंट करती दिखाई दी। स्टंट में प्रयुक्त एक तीसरे बिना नंबर के स्कॉर्पियो वाहन की भी पहचान कर ली गई है, जिसकी पतासाजी जारी है।
पुलिस ने खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 तथा 66/192 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है। साथ ही स्टंटबाजी में शामिल युवक-युवतियों के परिजनों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई कि ऐसे खतरनाक कृत्य से स्वयं एवं दूसरों के जीवन को गंभीर खतरा हो सकता है।
जशपुर पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्टंटबाजी से बचें, यातायात नियमों का पालन करें तथा शराब के नशे में वाहन न चलाएं। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



