गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़, 16 फरवरी। जिले में मादक पदार्थों एवं तंबाकू उत्पादों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर युवक-युवतियों को हुक्का पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले एक दुकान संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से हुक्का पॉट और फ्लेवर युक्त तंबाकू पदार्थ जप्त किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने 15 फरवरी 2026 की शाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में स्थित शंकर पान एवं कॉस्मेटिक दुकान पर रेड कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पाया गया कि दुकान संचालक गिरीश भाठिया (36 वर्ष), निवासी पक्की खोली, चक्रधरनगर, रायगढ़, सार्वजनिक रूप से युवक-युवतियों को हुक्का पीने की सुविधा उपलब्ध करा रहा था। जांच के दौरान फ्लेवर युक्त तंबाकू का उपयोग भी पाया गया।
पुलिस ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (कोटपा एक्ट) के उल्लंघन पाए जाने पर दुकान में रखे हुक्का पॉट एवं तंबाकू पदार्थ जप्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई (इस्तगासा) की है।
अभियान की पृष्ठभूमि
“ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक नसिर खान तथा संयुक्त पुलिस टीम द्वारा संपन्न की गई।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। सार्वजनिक स्थानों पर हुक्का, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का अवैध उपयोग या युवाओं को इसकी सुविधा उपलब्ध कराना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को सुरक्षित एवं नशामुक्त वातावरण प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।”
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की ओर आकर्षित करने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा अभियान आगे भी जारी रहेगा।



