गणेश भोय ब्यूरो चीफ:-
रायगढ़, 16 फरवरी। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने 6 गौवंश को तस्कर के चंगुल से मुक्त कराया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दौरान लैलूंगा पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गौवंश को पैदल हांकते हुए उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में टीम ने ग्राम बांसडांड खालपारा तिराहा में घेराबंदी की।
मौके पर एक व्यक्ति 6 गौवंश के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सिद्धाराम अंचल (54 वर्ष), निवासी ग्राम बांसडांड, थाना लैलूंगा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मवेशियों को धरमजयगढ़ क्षेत्र से खरीदकर उड़ीसा के बूचड़खाने ले जा रहा था।

पुलिस ने लगभग 48 हजार रुपये मूल्य के 6 गौवंश को जब्त कर उनका पशु चिकित्सकीय परीक्षण कराया और सुरक्षित संरक्षण की व्यवस्था की। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एएसआई राजेश दर्शन, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



