अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। नगर पालिका परिषद रतनपुर, जिला बिलासपुर (छ.ग.) द्वारा डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट (DHP) के अंतर्गत 40 आवासों के निर्माण हेतु परियोजना स्वीकृति के लिए प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा राज्य शहरी विकास अभिकरण छत्तीसगढ़, नया रायपुर अटल नगर को पत्र भेजकर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वर्ष 2018 में डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट (DHP) हेतु जारी संचालन दिशानिर्देशों के अनुरूप यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। नगर पालिका परिषद रतनपुर द्वारा परियोजना के लिए लगभग 4647 वर्ग मीटर भूमि चिन्हित की गई है।

प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि चिन्हित भूमि पर 30 वर्ग मीटर कारपेट एरिया के 40 आवासों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए आवश्यक भू-अधिकार संबंधी दस्तावेज, स्थल का खसरा नक्शा एवं अन्य आवश्यक विवरण पत्र के साथ संलग्न कर प्रेषित किए गए हैं।

नगर पालिका परिषद ने राज्य स्तर पर परियोजना की शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है, ताकि पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में आगे की कार्यवाही प्रारंभ की जा सके।
इस परियोजना के स्वीकृत होने पर रतनपुर क्षेत्र में आवासीय सुविधाओं के विस्तार के साथ ही शहरी विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लव कुश ने कहा कि डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट के तहत प्रस्तावित 40 आवास आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि परिषद की प्राथमिकता है कि पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती आवास उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।

जॉइंट डायरेक्टर राकेश जायसवाल ने कहा कि शासन की मंशानुसार शहरी क्षेत्रों में सुव्यवस्थित आवासीय विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, ताकि परियोजना को समयबद्ध रूप से क्रियान्वित किया जा सके।



