गणेश भोय ब्यूरो चीफ:-
जशपुर, 16 फरवरी 2026। थाना नारायणपुर क्षेत्र में जमीन बिक्री में हिस्से की राशि मांगने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पिता ने अपने ही बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। मामले में मां और भाई की भी संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रार्थिया कामना भगत (25 वर्ष), निवासी नारायणपुर, ने 15.02.2026 को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, उसके ससुर शिवशंकर यादव ने दो वर्ष पूर्व जमीन बिक्री की थी। प्रार्थिया के पति कौशल यादव (30 वर्ष) द्वारा अपने हिस्से की राशि मांगने को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
13.02.2026 को इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शिवशंकर यादव (पिता), चन्द्रमुनी भगत (माता) और अंकुश यादव (भाई) ने मिलकर कौशल यादव से गाली-गलौज व मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पिता शिवशंकर यादव ने कथित रूप से बेटे पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस जलाकर फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तत्काल इलाज के लिए होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में भर्ती कराया गया।
कानूनी कार्रवाई
प्रारंभ में चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में बिना नंबरी अपराध दर्ज किया गया। चूंकि घटना थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत की थी, इसलिए प्रकरण अग्रिम कार्रवाई हेतु थाना नारायणपुर भेजा गया।
थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों से पूछताछ की। अपराध स्वीकारोक्ति एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 16.02.2026 को—
- शिवशंकर यादव (55 वर्ष)
- चन्द्रमुनी भगत (47 वर्ष)
- अंकुश यादव (27 वर्ष)
तीनों निवासी नारायणपुर, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की भूमिका
मामले की कार्रवाई एवं गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, महिला आरक्षक अल्पना तिर्की, आरक्षक कुलदीप खलखो एवं अशोक कंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है।



