गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़ : जिले में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ रखा है। इसी कड़ी में थाना तमनार पुलिस ने लोहे के शेड से पाइप और आलवेस्टर सीट चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शेड से की थी चोरी
जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 को ग्राम गारे निवासी विनोद राठिया (44) ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में बने लोहे के शेड से अज्ञात व्यक्ति आलवेस्टर सीट और लोहे के पाइप चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कबाड़ की आड़ में चोरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में कबाड़ कारोबारियों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान वशीकूल इस्लाम और जयराम बेहरा पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपियों के पास से चोरी की गई आलवेस्टर सीट और लोहे के पाइप, कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये, बरामद कर जब्त किए गए। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- वशीकूल इस्लाम (46), मूल निवासी मुर्शीदाबाद (प. बंगाल), वर्तमान निवासी तमनार, रायगढ़
- जयराम बेहरा (45), निवासी खम्हरिया, थाना तमनार, रायगढ़
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में कबाड़ की आड़ में चोरी करने वालों और अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



