रतनपुर/जांजगीर। छत्तीसगढ़ कहरा समाज द्वारा आयोजित सामाजिक सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह जिला मुख्यालय जांजगीर के ऑडिटोरियम भवन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे आयोजन सामाजिक एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यास कश्यप उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कहरा समाज के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कुमार राकेश ने की। मंच पर अति विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ मछुआ महासंघ के अध्यक्ष देवव्रत आदित्य, राष्ट्रीय मछुवारा संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवेश कुमार सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी मती रेखा देवा गढ़ेवाल, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के अध्यक्ष देव कुमार आदित्य, युवा संगठनों के पदाधिकारी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
पद एवं गोपनीयता की शपथ
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। विधायक व्यास कश्यप द्वारा प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कुमार राकेश एवं महासचिव हरिहर आदित्य को शपथ दिलाई गई।
वहीं उपाध्यक्ष, संरक्षक, कोषाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, संगठन सचिव एवं मीडिया प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारियों को सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डी. एल. कटकवार द्वारा शपथ ग्रहण कराई गई। समस्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों को डॉ. प्रमोद आदित्य ने शपथ दिलाई।
सामाजिक एकता और शिक्षा पर जोर
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मुकेश कुमार राकेश ने समाजजनों से संगठित रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर नई पीढ़ी को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति शिक्षा, संगठन और जागरूकता से ही संभव है।
मुख्य अतिथि विधायक व्यास कश्यप ने समाज के सामाजिक उत्थान, राजनीतिक भागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण पर बल दिया। उन्होंने कहरा समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु विधायक निधि से 20 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इस घोषणा पर उपस्थित समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में समाज के बच्चों एवं युवाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। सम्मेलन में कहरा समाज के साथ-साथ धीवर, केवट एवं मल्लाह समाज के लोग भी छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे सामाजिक समरसता का संदेश सशक्त रूप से सामने आया।
मंच संचालन एवं उपस्थिति
मंच संचालन अधिवक्ता लखेश्वर कहरा एवं दीपक आदित्य द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि किसन आदित्य सहित अनेक वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती एवं विकास के संकल्प के साथ सम्मेलन का सफल समापन हुआ।



