सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : कर्तव्य के साथ मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए आईटीबीपी के जवानों ने इमरजेंसी स्थिति में रक्तदान कर एक मासूम बच्चे की जान बचाई। यह सराहनीय कार्य 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवानों द्वारा किया गया, जिसकी स्थानीय नागरिकों और अस्पताल प्रशासन ने खूब प्रशंसा की।
जानकारी के अनुसार 3 साल 6 महीने के बच्चे पंकज सलाम, पिता मलसाय सलाम, को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्चे को B+ पॉजिटिव ब्लड की अत्यंत आवश्यकता थी, लेकिन अस्पताल में उस समय ब्लड उपलब्ध नहीं था।
इस दौरान सीजी 24 न्यूज़ के चीफ एडिटर डे नारायण सिंह बघेल को बच्चे की स्थिति और रक्त की आवश्यकता की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल 41वीं बटालियन के कमांडेंट नरेंद्र सिंह से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमांडेंट ने बिना देर किए कुकड़ाझोर हेडक्वार्टर में पदस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया।
इसके बाद सहायक निरीक्षक जगदीश सिंह और सहायक उप निरीक्षक कुंजीलाल तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और दोनों जवानों ने 300-300 मिलीलीटर रक्तदान कर बच्चे की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मरीज के परिजनों ने जवानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जवान उनके लिए फरिश्ता बनकर आए, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी। आईटीबीपी जवानों की इस त्वरित और मानवीय पहल की अस्पताल प्रशासन तथा स्थानीय नागरिकों ने भी जमकर सराहना की।



