सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर, 07 मार्च 2026// अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य की बालिकाओं एवं महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनमें खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 01 दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 08 मार्च 2026 को कीड़ा परिसर मैदान, नारायणपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 09:00 बजे से होगा।
इस खेल प्रतियोगिता में महिलाओं और बालिकाओं के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें व्हॉलीबॉल, 100 मीटर दौड़, रस्साकसी, कुर्सी दौड़, मटका फोड़ तथा जलेबी दौड़ प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं खेल विभाग द्वारा की जाएंगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिले में अध्ययनरत एवं निवासरत सभी बालिकाओं और महिलाओं को इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजन के संबंध में अधिक जानकारी के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड नारायणपुर अथवा श्री रामसाय वड्डे, सहायक जिला खेल अधिकारी, जिला शिक्षा कार्यालय नारायणपुर से मोबाइल नंबर 9406336061 पर संपर्क किया जा सकता है।



