अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध जुना शहर रतनपुर स्थित हजरत मूसा शहीद र.अ. दरगाह में यंग इंतजामिया कमेटी के गठन को लेकर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से वादिर खान को एक बार फिर अध्यक्ष चुना गया। उनके पुनः अध्यक्ष बनने की घोषणा होते ही कमेटी के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बैठक में कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों, हकीम मोहम्मद,निजाम अली, दाऊद मोहम्मद,निसार खान, मुजफ्फर खान, कादिर खान, हुसैन खान, जमीर खान, शब्बीर खान और युवाओं एवं समाज के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में यह निर्णय लिया गया। सभी ने वादिर खान के पिछले कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों, अनुशासन एवं धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन को ध्यान में रखते हुए उन्हें पुनः जिम्मेदारी सौंपने का समर्थन किया।
वादिर खान ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे पहले की तरह ही पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ दरगाह एवं समाज की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कमेटी के सहयोग से धार्मिक कार्यक्रमों को और भव्य एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा, साथ ही युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर कमेटी के अन्य पदाधिकारियों का भी चयन किया गय, जिनमें उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव एवं कोषाध्यक्ष के पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी पदाधिकारियों ने मिलकर समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने दरगाह में हाजिरी लगाकर क्षेत्र में अमन, शांति एवं भाईचारे की दुआ मांगी। उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि वादिर खान के नेतृत्व में कमेटी समाज सेवा और धार्मिक कार्यों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी



