अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर/रायपुर। राष्ट्रीय मधुवारा संघ NAF छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा आगामी 7 जून 2026 दिन रविवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह एवं सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से श्री बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बुढ़ापारा रायपुर में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है तथा प्रदेशभर से बड़ी संख्या में समाजजनों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज की एकता, संगठन और सामाजिक विकास को नई दिशा देने का उद्देश्य रखा गया है। आमंत्रण पत्र में समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया है। आयोजन समिति ने कहा है कि मधुवारा समाज के उत्थान, अधिकार एवं राजनीतिक भागीदारी को लेकर संघ लगातार कार्य कर रहा है और यह सम्मेलन समाज के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं समाज के वरिष्ठजनों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय मधुवारा संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गायत्री गायकवाड़ धीवर करेंगी।
आयोजन समिति द्वारा विभिन्न प्रकोष्ठों एवं पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक विषयों पर चिंतन के साथ समाज को संगठित करने पर विशेष चर्चा होगी।
संघ के पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



