अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर नगर की प्रथम बैठक आज उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, बूथ कमेटियों को सक्रिय करने तथा कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री मुख्य रूप से उपस्थित रहे
बैठक की शुरुआत नवगठित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का उत्साह देखने को मिला।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर नगर के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बूथ कमेटियों को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत किया जाएगा ताकि पार्टी की नीतियों और योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब संगठन में सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यक्रमों में लगातार अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं पर संगठनात्मक कार्यवाही भी की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा स्थानीय मुद्दों को लेकर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक महामंत्री रियाज अहमद खोखर ने आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर शीतल जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष पुष्पकांत कश्यप, उपाध्यक्ष रामगोपाल, शिवानंदन, महामंत्री अभिषेक मिश्रा, सावन दीना, कोषाध्यक्ष संजय जायसवाल, कृष्णा, संजय, रफीक बेग, यासीन, आशीष शर्मा, अविनाश, प्रियांशु, पूर्णिमा, सुशीला, कुमारी, रॉकी अनुरागी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




