मौके पर हुआ समस्याओं का निराकरण,
◻️ प्रधानमंत्री आवास योजना बनी सहारा, हितग्राहियों को मंच से मिला स्वीकृति पत्र और आवास की चाबी
◻️ जनसमस्या निवारण शिविर में 982 आवेदन प्राप्त हुए,
दुर्ग, 23 मई 2026/ नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत पुरानी गंज मंडी में आयोजित सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 982 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 772 मांग एवं 210 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे।शिविर के दौरान कई नागरिकों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई। त्वरित निराकरण के तहत 35 ड्राइविंग लाइसेंस, 2 श्रवण यंत्र, 4 राशन कार्ड, 3 विवाह प्रमाण पत्र एवं 1 जन्म प्रमाण पत्र का तत्काल निराकरण कर हितग्राहियों को वितरण किया गया।
शिविर में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल एवं सभापति श्याम शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति एवं आवेदन निराकरण की स्थिति की जानकारी ली।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं पर प्रतिक्रिया प्राप्त कर रही है तथा समस्या निवारण शिविरों के माध्यम से अधिकारियों द्वारा लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है तथा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
शिविर में मंत्री गजेन्द्र यादव एवं महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने विभागीय अधिकारियों से आवेदन निराकरण की प्रगति की जानकारी ली। वहीं संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर एवं कलेक्टर अभिजीत सिंह ने भी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं आवास की चाबी प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए।महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 गर्भवती माताओं की गोदभराई रस्म संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने एवं लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर, नरेंद्र बंजारे, श्रीमती लीना दिनेश देवांगन, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, शिव नायक, निलेश अग्रवाल, श्रीमती हर्षिका संभव जैन, श्रीमती शशी साहू, एसडीएम हरिवंश मिरी सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।जनसंपर्क विभाग / राजू बक्शी




