अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्द्र का अनूठा संदेश देते हुए मुस्लिम जमात द्वारा बड़े ही अदब और एतराम के साथ करैहयापारा स्थित जामा मस्जिद से शाही चादर का जुलूस निकाला गया। शाही चादर को पूरे शहर में गश्त कराते हुए जूना शहर स्थित दरगाह शरीफ पहुंचाया गया, जहां परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ चादरपोशी की गई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग, बुजुर्ग, युवा एवं बच्चे शामिल हुए।
जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने नात और दुरूद शरीफ का पाठ करते हुए अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। शाही चादर को लेकर निकले जुलूस का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
जूना शहर स्थित दरगाह पहुंचने पर मुस्लिम जमात के सदस्यों द्वारा शाही चादर पेश की गई और दरगाह में विशेष दुआ का आयोजन किया गया। दुआ में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारे, देश की तरक्की और मानव कल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
शाही चादरपोशी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।





