अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। सकरी थाना पुलिस ने कोयला चोरी एवं मिलावट के चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी का नाम अजय कुमार सिंह (36 वर्ष) पिता रामसिंह, निवासी समृद्धि विहार, कोनी, जिला बिलासपुर है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 552/2026 धारा 116(3), 117(4), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में आरोपी घटना दिनांक से फरार था। पुलिस को सूचना मिलने पर कोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
मामले में प्रार्थी आर.के. पाण्डेय ने 10 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपका कोल माइंस से भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्रा. लि. लोखंडी के लिए मंगवाए गए एफ/जी ग्रेड कोयले में मिलावट पाई गई। जांच के दौरान ट्रेलर चालकों से पूछताछ में सामने आया कि बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक एवं प्लांट सुपरवाइजर की मिलीभगत से उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की चोरी कर उसमें निम्न गुणवत्ता का कोयला मिलाकर भेजा गया था।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले ही छह आरोपियों— आशिक हुसैन अंसारी, फैजान रजा अंसारी, फुजैल अंसारी, गौरव राजपूत, सीबू खान एवं दिलीप कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपियों में शामिल अजय कुमार सिंह फरार चल रहा था।
सकरी पुलिस ने लगातार तलाश करते हुए आरोपी को कोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।



