अमित दुबे की रिपोर्ट
सीपत, बिलासपुर। तेजी से बदलते डिजिटल परिवेश में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा 18 नवंबर 2026 को एनटीपीसी सीपत स्थित ‘कला निकेतन’ सभागार में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में आईजी श्री रामगोपाल गर्ग मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तौर-तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान
आईजी श्री गर्ग ने कहा कि ऑनलाइन बैंकिंग, सोशल मीडिया और डिजिटल लेन-देन ने जीवन को सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। साइबर अपराधी लोगों के भय, लालच और विश्वास का फायदा उठाकर उन्हें ठगी का शिकार बना रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से ‘डिजिटल अरेस्ट’ फ्रॉड को लेकर लोगों को सचेत करते हुए कहा कि पुलिस अथवा किसी जांच एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है। ऐसे किसी भी कॉल से घबराने के बजाय नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए और बिना सत्यापन किसी को पैसे ट्रांसफर नहीं करने चाहिए।
साइबर ठगी के नए तरीकों से कराया अवगत
आईजी ने कार्यक्रम में साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी देते हुए नागरिकों को विशेष रूप से इनसे सावधान रहने की अपील की—
– डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड — पुलिस, सीबीआई या अन्य जांच एजेंसियों के नाम पर वीडियो कॉल के जरिए डराकर ठगी।
– म्यूल अकाउंट — बैंक खाते उपलब्ध कराने के नाम पर साइबर ठगी की रकम का लेन-देन और इसके कानूनी दुष्परिणाम।
– इम्पर्सोनेशन फ्रॉड — परिचितों, अधिकारियों अथवा प्रतिष्ठित संस्थानों के नाम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर पैसे मांगना।
– APK फ्रॉड — अनजान लिंक या संदिग्ध APK फाइल के जरिए मोबाइल एवं निजी जानकारी तक पहुंच बनाने का प्रयास।
– ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट फ्रॉड — कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी।
– सेक्सटॉर्शन — फर्जी वीडियो कॉल अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ब्लैकमेल करने का प्रयास।
इसके साथ ही साइबर अपराधों की निगरानी, शिकायतों के निराकरण और त्वरित कार्रवाई से जुड़े MRM एवं GRM मॉड्यूल की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताए साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक, जिला बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताते हुए कहा कि साइबर ठगी की घटना होने पर शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए बिना विलंब किए शिकायत दर्ज कराना जरूरी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी अथवा अन्य निजी जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
एनटीपीसी अधिकारी-कर्मचारी, CISF, वरिष्ठ नागरिक एवं विद्यार्थियों ने लिया भाग
कार्यक्रम में एनटीपीसी के चीफ जनरल मैनेजर/हेड ऑफ प्रोजेक्ट श्री विजय शंकर दुबे सहित एनटीपीसी के अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारी एवं जवान तथा स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, सीपत शाखा की शाखा प्रबंधक द्वारा भी बैंकिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं तथा बैंकिंग फ्रॉड से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें संपर्क
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी हो जाए तो घबराएं नहीं और तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को संबंधित बैंक खाते में होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के अंत में एनटीपीसी प्रबंधन ने बिलासपुर पुलिस की इस जन-जागरूकता पहल की सराहना करते हुए उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिलासपुर पुलिस द्वारा पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में साइबर अपराधों की रोकथाम, तकनीकी जागरूकता के विस्तार तथा सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण के लिए लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बिलासपुर पुलिस का संदेश—“साइबर सुरक्षा, सबकी जिम्मेदारी।”







