योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
छुरा / गरियाबंद
गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत रवेली पुलिया का निर्माण धीमी गति से चल रहा है, जिससे किसानों और स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले एक वर्ष से पुलिया निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। रवेली पुलिया निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस बारिश के चलते आम लोगों, किसानों और छात्र-छात्राओं को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान बाढ़ की स्थिति बनने से स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा सके। आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी जूझना पड़ा।

हालांकि अभी आने-जाने के लिए अलग से रपटा बनाया गया है। इस संबंध में ठेकेदार श्री साहू से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि लोगों के आने-जाने के लिए अलग से रपटा बना दिया गया है। पुलिया को बारिश लगने से पहले बनाकर दे देंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर ठेकेदार के दावे के अनुसार काम समय पर पूरा नहीं हुआ तो आने वाली बारिश में फिर वही हालात बनेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और समय-सीमा तय कर काम पूरा कराया जाए।
अब पूरे क्षेत्र की नजर प्रशासन और ठेकेदार की आगे की कार्रवाई पर है।







