अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार 21 जून 2026 को NEET-UG 2026 परीक्षा का आयोजन बिलासपुर जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षार्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी। परीक्षा में बिलासपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी एवं उनके अभिभावक शामिल होंगे, जिससे शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।
पुलिस प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध (नो एंट्री) लगाया है। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों, पुल-पुलियों, संकीर्ण मार्गों, शॉपिंग मॉल क्षेत्रों तथा शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस एवं यातायात बल तैनात किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट भी किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुबह 10:00 बजे से परीक्षा प्रारंभ होने तक तथा शाम 5:00 बजे परीक्षा समाप्ति के बाद शहर में संभावित यातायात दबाव को देखते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बाहरी एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से यातायात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि इससे परीक्षार्थियों को समय पर एवं सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।



