अमित दुबे की रिपोर्ट
कोटा/बिलासपुर। विकासखंड कोटा के ग्राम आमली में 19 जून 2026 को आयोजित जनसुनवाई क्षेत्र के लोगों के लिए नई उम्मीद और नई किरण लेकर आई। प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना को लेकर आयोजित इस जनसुनवाई में आमली सहित आसपास की ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा हुई, जिससे ग्रामीणों में भविष्य को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र के युवा रोजगार के अभाव में बड़े शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। प्रस्तावित परियोजना के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। शिक्षित बेरोजगार युवाओं को तकनीकी, प्रशासनिक तथा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी मिलने की संभावना बनेगी, वहीं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और युवाओं को अपने गांव-क्षेत्र में ही सम्मानजनक रोजगार मिल सकेगा।
जनसुनवाई में उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि परियोजना के आने से मजदूर वर्ग को भी व्यापक स्तर पर लाभ मिलेगा। निर्माण कार्यों से लेकर विभिन्न सहायक गतिविधियों में स्थानीय श्रमिकों को रोजगार प्राप्त होगा। इससे मजदूर परिवारों की आय में वृद्धि होगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
क्षेत्रवासियों ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव की उम्मीद व्यक्त की। उनका मानना है कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे बच्चों और युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षा के बेहतर अवसर मिलने से क्षेत्र की नई पीढ़ी का भविष्य और अधिक उज्ज्वल होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी लोगों में उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि परियोजना के माध्यम से अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे लोगों को इलाज के लिए दूरस्थ शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और गांव के आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
आवागमन की सुविधा को लेकर भी जनसुनवाई में सकारात्मक चर्चा हुई। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना के विकास के साथ क्षेत्र में बेहतर और चौड़ी सड़कों का निर्माण होगा। इससे गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन आसान बनेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। अच्छी सड़कें क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की गति को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जनसुनवाई के बाद आसपास के ग्राम पंचायतों के लोगों में यह विश्वास दिखाई दिया कि यदि परियोजना नियमानुसार संचालित होती है और स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाती है, तो यह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का आधार बन सकती है। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ आमली तथा आसपास का पूरा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि 19 जून की जनसुनवाई केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि क्षेत्र के विकास, युवाओं के भविष्य और ग्रामीणों के बेहतर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।



