तमता । आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में पत्थलगांव विकासखंड क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपना सदस्यता अभियान पूरी ताकत और जोर-शोर से शुरू कर दिया है। पार्टी के इस बढ़ते कदम ने क्षेत्र में एक नई राजनीतिक चर्चा को जन्म दे दिया है।
मंगलवार को ग्राम पंचायत खरकट्टा में आम आदमी पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्री राजेश कुमार निगम एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं का आगमन हुआ। राष्ट्रीय सचिव की मौजूदगी में संगठन को मजबूत करने के लिए अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिसके तहत पत्थलगांव विधानसभा प्रभारी मधु यादव एवं चंदन यादव को सचिव पद की कमान सौंपी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव श्री राजेश कुमार निगम ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब की तरह यहाँ भी जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन कर पूर्ण बहुमत से जीत हासिल करेगी।
इस दौरान सबसे बड़ी घोषणा पार्टी के आलाकमान की ओर से देखने को मिली। पार्टी नेतृत्व ने पत्थलगांव विधानसभा से विधायक प्रत्याशी के रूप में ग्राम पंचायत खरकट्टा के स्थानीय निवासी कैलाश पोर्ते को टिकट देने और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की बात कही।
हमारे अपने ग्रामीण क्षेत्र से कैलाश पोर्ते को टिकट मिलने की खबर से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। अगर उन्हें मौका मिलता है, तो आने वाले दिनों में हमारे क्षेत्र में विकास की गंगा बहेगी।”
स्थानीय ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता
कैलाश पोर्ते के नाम की चर्चा के बाद से ही पत्थलगांव और खरकट्टा के ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सदस्यता अभियान के दौरान भारी संख्या में लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे क्षेत्र का सियासी पारा गरमा गया है।



