योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद / छुरा। ग्राम पंचायत फुलझर के वार्ड क्रमांक 6 में इन दिनों गलियों का बुरा हाल है। घरेलू नल का पानी सीधे गलियों में छोड़ा जा रहा है। इससे गलियों में हर समय कीचड़ जमा रहता है। चलने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ लोग गलियों को हमेशा कीचड़ करने में लगे हुए हैं। इसकी जानकारी ग्राम पंचायत फुलझर के सरपंच संतोष कंवर और वार्ड क्रमांक 6 के पंच को दी गई है। उन्होंने भी साफ कहा है – घर का पानी गलियों में छोड़ना गलत है। घरों में सोपता का निर्माण करें।
ग्रामीणों ने भी गलियों में कीचड़ करने वाली बात को सही नहीं ठहराया है।
ट्रांसफार्मर के पास कचरा, आग का खतरा
वार्ड क्रमांक 6 और 5 में घर का कचरा ट्रांसफार्मर, गलियों और नालियों में डालने की भी शिकायत मिली है। आज भी लोगों में जागरूकता की कमी है। कुछ लोग अपना घर का कचरा गलियों में फेंक कर चले जाते हैं। कुछ बोलने पर झगड़ा-लड़ाई पर उतर जाते हैं।
ट्रांसफार्मर के पास कचरा डालने से कभी भी आग लगने की संभावना बन जाती है। सूखे कचरे में एक चिंगारी भी बड़े हादसे को बुलावा दे सकती है।
प्लास्टिक डिस्पोजल बना पर्यावरण के लिए घातक
गलियों और नालियों में फेंके जा रहे प्लास्टिक डिस्पोजल पर्यावरण के लिए घातक साबित हो रहे हैं। प्लास्टिक नालियों में फंसकर पानी का बहाव रोक देता है। इससे गंदा पानी और ज्यादा फैलता है। प्लास्टिक मिट्टी में मिलकर जमीन को भी बंजर बना रहा है।
कीचड़ से मच्छर, बीमारी का खतरा
घरेलू नल का पानी गलियों में छोड़ने से कीचड़ के साथ-साथ मच्छर भी उत्पन्न हो रहे हैं। जमा पानी में मच्छर पनप रहे हैं। इससे मलेरिया, डेंगू होने का खतरा बन जाएगा।
किसानों को होगी सबसे ज्यादा परेशानी
अभी किसानों का धान कटाई होकर घरों में आना शुरू हो गया है। इस तरह गलियों में कीचड़ होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और धान से भरी बोरियां कीचड़ में फंसेंगी। धान भी खराब होने का डर है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस विषय में ग्राम पंचायत फुलझर को आगे आना चाहिए। गली में पानी छोड़ने वालों और कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। गांव में साफ-सफाई को लेकर जागरूकता अभियान चलाना चाहिए।
गांव साफ रहेगा, तभी लोग स्वस्थ रहेंगे और किसान भी चैन से अपना धान घर ला पाएंगे।







