मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना कोटाडोल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 36/26, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन और एसडीओपी भरतपुर अरविंद किशोर खलखो के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र के निवासी जगमोहन (33 वर्ष), पिता जय प्रताप, नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना में अपराध से संबंधित तथ्य सामने आने पर प्रकरण में धारा 137(2), 87, 64(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 जोड़ी गई।
इसके बाद आरोपी जगमोहन को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोटाडोल उप निरीक्षक आर.एन. गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक नईम खान, दौलतराम, आरक्षक निहाल मानिकपुरी और आरक्षक अजय का विशेष योगदान रहा।
जिला पुलिस मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।







