Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/गणेश यादव
तमता। पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडरीपानी अंतर्गत कर्मी पारा के ग्रामीण पिछले 15 दिनों से भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। यहां लगा विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण करीब 25 से 30 घरों में लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। बिजली गुल रहने और कम वोल्टेज के कारण ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि वर्तमान में मानसून का सीजन चल रहा है। ग्रामीण इलाकों में बारिश के दिनों में जहरीले जीव-जंतु, सांप और बिच्छुओं का खतरा सबसे अधिक होता है। रात के समय बिजली न होने से पूरे पारा में घाना अंधेरा पसर जाता है, जिससे घरों में और बाहर निकलते समय हमेशा किसी अनहोनी का डर बना रहता है।
समस्या से त्रस्त स्थानीय ग्रामीण लालजीत कांदरा, सेर सिंह, मिट्ठू, भीम और करन साय सहित अन्य प्रभावितों ने बिजली विभाग के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की है। ग्रामीणों ने विभाग के आला अधिकारियों से गुहार लगाते हुए कहा है कि:
पिछले दो हफ्तों से वे लगातार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
बच्चों की पढ़ाई और घर के जरूरी कामकाज ठप पड़े हैं। उमस और मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
“हमारी सुध लेने वाला कोई नहीं है। विभाग से निवेदन है कि हमारी सुरक्षा और जरूरत को देखते हुए तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए या इसे दुरुस्त किया जाए, ताकि हमें इस लो-वोल्टेज और अंधेरे के दंश से मुक्ति मिल सके।”
अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद विद्युत विभाग की कुंभकर्णी नींद कब खुलती है और कर्मियों पारा के इन 30 परिवारों को कब तक इस अंधेरे से निजात मिलती है।



