Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने और पुलिस व्यवस्था को अधिक जनसुलभ बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस द्वारा शुक्रवार को बिलासगुड़ी स्थित चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिले भर से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और अधिकांश मामलों का तत्काल समाधान किया गया।
शिविर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी), नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) तथा सभी थाना प्रभारियों की मौजूदगी रही। पुलिस अधिकारियों ने एक-एक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
43 शिकायतें पहुंचीं, 41 का मौके पर हुआ समाधान
शिविर में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। वहीं गंभीर प्रकृति के 08 मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इन मामलों की शिकायतें सबसे अधिक
शिविर में प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से—
जमीन एवं संपत्ति विवाद,
पारिवारिक कलह,
साइबर ठगी,
लेन-देन में धोखाधड़ी,
महिला उत्पीड़न एवं महिला संबंधी प्रकरणों से संबंधित थीं।
पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं आगे की कार्रवाई के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।
थानावार प्राप्त शिकायतें
महिला थाना – 8
कोतवाली – 7
सिरगिट्टी – 4
कोनी – 3
रतनपुर – 3
तोरवा – 3
सिविल लाइन – 2
सरकंडा – 2
तखतपुर – 2
चकरभाठा – 2
सीपत – 2
मस्तूरी – 2

SSP रजनेश सिंह ने कहा
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि जिला स्तर पर शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी शिकायतों के लिए बार-बार थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि “जनता की सेवा ही पुलिस का पहला धर्म है। ऐसे शिकायत निवारण शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे आमजन और पुलिस के बीच विश्वास और बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।”
जनता ने की पुलिस की पहल की सराहना
शिविर में पहुंचे फरियादियों ने पुलिस की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहली बार उनकी शिकायतों को इतने व्यवस्थित तरीके से सुनकर तत्काल समाधान किया गया। मौके पर ही अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
ये अधिकारी रहे मौजूद…
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली, सीएसपी सिविल लाइन, एसडीओपी कोटा, डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बिलासपुर पुलिस का यह शिकायत निवारण शिविर त्वरित न्याय, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में सामने आया, जिसमें अधिकांश शिकायतों का उसी दिन समाधान कर पुलिस ने संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली का परिचय दिया।



