Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया तथा विरोध दर्ज कराने पहुंचे कांग्रेस नेताओं के साथ भी पुलिस ने अभद्र व्यवहार और बल प्रयोग किया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की।
विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के शहर एवं ग्रामीण अध्यक्षों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में छात्रों के समर्थन में आवाज उठाते हुए केंद्र सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को है और इस प्रकार की पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाएं नहीं रुकीं तो कांग्रेस पार्टी आगे भी जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखेगी।




