पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और छात्रों की सभी मांगें तत्काल पूरी करे केंद्र सरकार।
बुलंद टाइम्स न्यूज, नारायणपुर। जिला कांग्रेस कमेटी नारायणपुर के जिला महामंत्री एवं प्रवक्ता अमित भद्र ने NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य, न्याय और समान अवसर की लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन सरकार उनकी आवाज़ सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है।
अमित भद्र ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना केवल परीक्षा व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि करोड़ों मेहनती छात्रों के सपनों और विश्वास के साथ विश्वासघात है। वर्षों की मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य को भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट चढ़ा दिया गया। ऐसे मामलों में सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब छात्र अपने अधिकारों और न्याय की मांग लेकर शांतिपूर्ण तरीके से सड़क पर उतरते हैं और उनके ऊपर लाठीचार्ज किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। किसी भी लोकतांत्रिक सरकार का दायित्व युवाओं की बात सुनना और उनकी समस्याओं का समाधान करना होता है, न कि उनकी आवाज़ को दबाना।
अमित भद्र ने कहा कि किसी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा पीढ़ी होती है। यदि युवाओं का भविष्य असुरक्षित होगा तो देश का भविष्य भी सुरक्षित नहीं रह सकता। सरकार को छात्रों की समस्याओं को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय संवेदनशीलता के साथ समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज देश का छात्र केवल एक परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, समान अवसर और न्यायपूर्ण व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रहा है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी आवाज़ को हर मंच पर उठाती रहेगी।
अमित भद्र ने कहा, “अगर छात्रों की आवाज़ उठाना सियासत है, तो हम ऐसी सियासत लगातार करते रहेंगे। छात्रों के भविष्य और न्याय पर कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।”
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि:
NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए।
पेपर लीक के सभी दोषियों और पूरे नेटवर्क पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
छात्रों की सभी जायज़ मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए।
अंत में अमित भद्र ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और युवाओं के सपनों की रक्षा करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सत्ता बदलती रहती है, लेकिन विद्यार्थियों का खोया हुआ समय और टूटा हुआ विश्वास वापस नहीं आता। इसलिए सरकार को अहंकार छोड़कर छात्रों की आवाज़ सुननी चाहिए और न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।




