Oplus_131072
जय मां घटारानी युवा रेडियो लिस्नर्स क्लब फुलझर ने दी शुभकामनाएं, 20 अगस्त को रायपुर में होगा राज्य स्तरीय श्रोता सम्मेलन
बुलंद टाइम्स न्यूज, गरियाबंद। देशभर में राष्ट्रीय रेडियो प्रसारण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जय मां घटारानी युवा रेडियो लिस्नर्स क्लब, फुलझर (जिला गरियाबंद) के सदस्यों ने आकाशवाणी की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए सभी रेडियो श्रोताओं, प्रसारकों एवं आकाशवाणी परिवार को शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि 23 जुलाई 1927 को इंडियन ब्रॉडकास्टिंग कंपनी, बॉम्बे स्टेशन से भारत में पहली बार रेडियो प्रसारण की शुरुआत हुई थी। इसके बाद 8 जून 1936 को भारतीय राज्य प्रसारण सेवा का नाम ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी) रखा गया तथा 1937 में केंद्रीय समाचार सेवा की स्थापना हुई। तब से लेकर आज तक आकाशवाणी देश के कोने-कोने तक सूचना, शिक्षा, मनोरंजन और संस्कृति का सशक्त माध्यम बनी हुई है।
जय मां घटारानी युवा रेडियो लिस्नर्स क्लब के अध्यक्ष योगेश्वर साहू ने कहा कि आकाशवाणी ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और समृद्ध बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। लोकगीत, लोक साहित्य, लोक संस्कृति, लोक पर्व, शास्त्रीय संगीत, भक्ति संगीत, श्रीरामचरितमानस, समाचार, वार्ताएं, कृषि कार्यक्रम, युवाओं, महिलाओं और बच्चों के लिए प्रसारित होने वाले विविध कार्यक्रम आज भी समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक और मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से अब आकाशवाणी की पहुंच और श्रोताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि रेडियो आज भी विश्वसनीय सूचना का सबसे प्रभावी माध्यम है और ग्रामीण भारत में इसकी उपयोगिता पहले की तरह बरकरार है। आकाशवाणी ने अनेक पीढ़ियों को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक सोच प्रदान की है।
इस अवसर पर क्लब के सदस्यों एवं रेडियो प्रेमियों ने राष्ट्रीय रेडियो प्रसारण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आकाशवाणी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शुभकामनाएं देने वालों में जिला गरियाबंद अध्यक्ष योगेश्वर साहू, प्रदेश अध्यक्ष (रायपुर) मोहनलाल देवांगन, वरिष्ठ शिक्षक प्रदीप यदु (फिंगेश्वर), हरिश्चंद्र तारक, बाबूलाल साहू, रेखराम ध्रुव, मिल्लू गिरी गोस्वामी, दिलीप ध्रुव, गोवर्धन यादव, जीतू ध्रुव, टीकम साहू, गोपाल साहू, जानु साहू, भागवत सेन, हेमंत साहू, महेंद्र गंधर्व तथा उमेन्द्र निषाद सहित अनेक रेडियो श्रोता शामिल रहे।
क्लब के अध्यक्ष योगेश्वर साहू ने बताया कि 20 अगस्त को रायपुर में राज्य स्तरीय रेडियो श्रोता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के रेडियो श्रोता, आकाशवाणी से जुड़े अधिकारी, उद्घोषक एवं रेडियो प्रेमी शामिल होंगे। सम्मेलन में रेडियो की बदलती भूमिका, डिजिटल युग में आकाशवाणी की उपयोगिता तथा श्रोताओं के अनुभवों पर चर्चा की जाएगी।
राष्ट्रीय रेडियो प्रसारण दिवस के अवसर पर फुलझर के रेडियो श्रोताओं ने एक स्वर में कहा कि बदलते दौर में भी रेडियो अपनी विश्वसनीयता, सरलता और जनसरोकारों के कारण करोड़ों लोगों के दिलों में आज भी विशेष स्थान रखता है। आकाशवाणी भारतीय संस्कृति, भाषा और लोकजीवन की सशक्त आवाज बनकर निरंतर देश की सेवा कर रही है।




