Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। केरल का पवित्र एवं सुप्रसिद्ध पर्व ओणम रायपुर निवासरत केरलवासी एवं मलयाली समाज द्वारा बड़े हर्ष, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर समाज के लोगों ने घरों एवं विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पुक्कलम (फूलों की रंगोली) सजाकर भगवान एवं राजा महाबली का स्मरण किया।
ओणम के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक कसावु साड़ी तथा पुरुषों ने पारंपरिक मुंडु धारण कर पर्व की सांस्कृतिक छटा को जीवंत किया। विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक नृत्य, गीत एवं ओणसद्या का आयोजन भी किया गया।
मलयाली समाज के लोगों ने बताया कि ओणम केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, एकता, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। मान्यता है कि इस पर्व पर राजा महाबली अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए धरती पर आते हैं। इसी भाव के साथ समाजजन उनका स्वागत करते हैं और सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं।
रायपुर में बसे केरलवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ओणम मनाकर अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही रायपुर की सांस्कृतिक विविधता में भी सुंदर रंग जोड़ा।




